Home » कुल्लू दशहरा की तैयारियों में न हो कोई कमी : उपायुक्त

कुल्लू दशहरा की तैयारियों में न हो कोई कमी : उपायुक्त

 

कुल्लू, 9 अक्तूबर। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार की उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव समिति के उपाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। 21 से 27 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय उत्सव की तैयारियों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने दुकानों एवं स्टॉलों के आवंटन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, एलपीजी उपलब्धता, परिवहन, सजावट, अग्नि सुरक्षा तथा आपातकालीन बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कला केंद्र के सौंदर्यीकरण, झूला-हिंडोला-जर्मन हेंगर, देवताओं के आगमन एवं ठहराव संबंधी प्रबंधों, सांस्कृतिक दलों के आवास, कार्निवाल तथा ड्रोन एवं लेजर शो की तैयारियों की भी समीक्षा की।

उपायुक्त ने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनजेडसीसी), दक्षिण क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एसजेडसीसी), विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों, महिला मंडलों तथा स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों और ऑडिशन से संबंधित तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करें और गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छता तथा आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और किसी भी समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ कुल्लू का गौरवपूर्ण उत्सव है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों का समन्वित प्रयास आवश्यक है, ताकि स्थानीय लोगों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें तथा उत्सव की गरिमा और भव्यता बनी रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस., अतिरिक्त उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौड़ सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *