शिमला 30मई । मशोबरा विकास खंड की 10 पंचायतों भडेच, चेड़ी, दरभोग, डुम्मी, गुम्मा, बरमू केलटी, मेहली, रझाणा, सतलाई और मूलकोटी में तीसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन हो गया । मतदान केंद्रो पर प्रातः से मतदाताओं की भीड़ लगी हुई थी । वरिष्ठ नागरिक, विशेषकर महिला मतदाता सुंदर पौशाकों में लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कतारों में खड़े थे । नए मतदाता पहली बार अपना वोट डालने के लिए बहुत उत्सुक दिखाई दिए ।
निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं बीडीओ मशोबरा के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में प्रतिशत मतदान 83 प्रतिशत रिकार्ड किया गया । उन्होने बताया कि तीसरे चरण में कुल 8332 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिनमें 4233 पुरूष और 4099 महिला मतदाता शामिल है ।
उन्होने बताया कि पंचायत प्रधानों, उप प्रधानों और वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती का कार्य पंचायत मुख्यालय पर किया जा रहा है देर रात तक नतीजे आ जाएंगे । उन्होने बताया कि पंचायत समिति के 15 सदस्यों और जिला परिषद के तीन सदस्यों के मतों की गिनती का कार्य 31 मई को मशोबरा में किया जाएगा । सेक्टर ऑफिसर डॉ0शरद गुप्ता ने बताया कि सतलाई पंचायत में 88.6 प्रतिशत और दरभोग पंचायत में 86 प्रतिशत मतदान हुआ है ।
-0-
मशोबरा ब्लॉक की 10 पंचायतों में हुआ 83 प्रतिशत मतदान

