देव अनुष्ठान में चली गोली, महिला की दर्दनाक मौत
रोहडू /शिमला
हिमाचल प्रदेश के रोहडू क्षेत्र के कुलगांव में आयोजित एक देव अनुष्ठान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक चली गोली से रितिका नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का कारण बन गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धार्मिक कार्यक्रम के बीच अचानक फायरिंग हुई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से रितिका गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों, पति और भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहडू अस्पताल लाया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि धार्मिक आयोजन में हथियार कैसे पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई।


