हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जनमंच का कोरोना वायरस के साये में एक बार फिर से आगाज किया गया है। गौरतलब है कि मार्च माह में पिछला जनमंच आयोजित किया गया था। इसी माह में देश में कोविड-19 के चलते लॉकडाऊन लग गया था, जिसके बाद से अभी तक जनमंच को स्थगित किया जाता रहा है लेकिन 8 माह बाद रविवार को एक बार फिर से प्रदेशभर में जनमंच का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में जिला ऊना के हरोली उपमंडल के मिनी सचिवालय परिसर में जनमंच का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने की। जनमंच के दौरान आई करीब 2 दर्जन शिकायतों में से अधिकतर का मौके पर निपटारा किया गया जबकि शेष शिकायतों को विभागीय अधिकारियों के सुपुर्द करते हुए उनके त्वरित निपटान के निर्देश दिए। जनमंच के दौरान सिंचाई और पेयजल को लेकर अधिकांश समस्याएं रखी गईं।
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कृष्ण नगर मेें जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में क्षेत्र की 11 पंचायतों के लोगों की समस्याओं का मौके पर निपटारा किया गया। इनमें सकड़ी, बही, गदियाड़ा, माहलपट्ट, कुंसल, बंदिया, कुदैल, महाकाल, चौबीन, सुनपुर तथा धानग पंचायतों के लोग शामिल रहे। जनमंच में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 61 मामले प्रेषित हुए, जिनमें से 60 मामलों का मौके पर निपटारा कर दिया गया जबकि बाकी समस्याओं का निपटारा अगले 10 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।










