शिमला
हिमाचल प्रदेश में शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों की घोषणा कर दी गई है। राज्य के 51 नगर निकायों में चुनाव होंगे, जबकि पंचायत चुनावों को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। खासतौर पर मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम चुनावों को लेकर भी तस्वीर साफ होने का इंतजार जारी है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, शहरी निकायों के लिए मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। नामांकन प्रक्रिया 29 और 30 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 2 मई को होगी। उम्मीदवार 4 मई तक नाम वापस ले सकेंगे और 6 मई तक अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
मतगणना भी मतदान के दिन ही 17 मई को दोपहर 3 बजे के बाद शुरू होगी, जबकि नगर निगम चुनावों की मतगणना 31 मई को निर्धारित की गई है।
राज्य में चुनावी हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि पंचायत चुनावों की तारीखों को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में इंतजार की स्थिति बनी हुई है।


