अर्की
अर्की-भराड़ीघाट मार्ग पर दसेरन के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर चलती कार पर आ गिरा। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे का शिकार हुई कार का नंबर HP52A-7197 बताया जा रहा है। हादसा इतना भयावह था कि कार चट्टान के नीचे दबकर पिचक गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया तथा हादसे की सूचना प्रशासन को दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस हादसे के कारणों और मृतक व घायलों की पहचान की जानकारी जुटा रही है।










