शिमला के नाभा स्थित खेल परिसर में पार्क की गई एक बाइक में आग लग गई। आग लगें से बाइक जलकर खाक हो गई। स्थानीय लोगों को आशंका है कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टेनिस कोर्ट के नीचे लंबे समय से नशा करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। दिन-रात युवकों के वहां बैठे रहने की शिकायतें कई बार प्रशासन तक पहुंचाई गईं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
निवासियों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में कुछ युवक तेज रफ्तार से गाड़ियां और बाइक दौड़ाते हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। पिछले महीने भी तेज रफ्तार के कारण एक पशु की मौत हो चुकी है। ताजा घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का संकेत है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नशे के अड्डों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए और कानून व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, ताकि नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।



