राजगढ़ 27 नवंबर । आगामी 28 नवंबर से 05 दिसंबर तक हरियाणा के कुरुक्षेत्र मे आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर राजगढ़ की पझौता घाटी के उभरते कलाकार महेन्द्र हाब्बी अपनी शेरो शायरी के साथ मंच को संचालन करेगें । एनजेडसीसी के सौजन्य से इस महोत्सव में करीब 20 राज्यों के लोक कलाकार अपने अपने राज्यों की संस्कृति से रूबरू करवाएंगें ।
महेन्द्र हाब्बी मूलतः राजगढ़ की पझौता घाटी के गांव शलेच द्राबला के निवासी है । इन्हें गायन, वादन, मंच संचालन का बचपन से ही शौक रहा है । शिक्षा ग्रहण करने के दौरान हाब्बी स्कूल स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सदैव प्रथम स्थान पर रहते थे । वर्ष 2010 में जमा दो की परीक्षा उतीर्ण करने के उपरांत महेंन्द्र हाब्बी पूर्ण रूप से लोक संस्कृति के सरंक्षण व संवर्धन के लिए समर्पित हो गए । इन्होने राजगढ़ क्षेत्र के जानेमाने कलाकार चंद्रमोहन ठाकुर के सांस्कृतिक दल से अपने संगीत का सफर शुरू किया । इस दौरान इन्होने दो एलबम नोखरा तेरा और तेरा आसरा लोकगीत के फिल्मांकन में बतौर नायक अपनी अहम भूमिका निभाई । वर्ष 2012 में महेन्द्र हाब्बी ने चेष्टा लोक नृत्य कला मंच के नाम से अपना सांस्कृतिक दल पंजीकृत करवाया और दल के माध्यम से सिरमौर की समृद्ध संस्कृति को प्रदेश के अतिरिक्त देश के कई राज्य में लोकगीतों व लोक नृत्य के माध्यम से दर्शाया गया ।
हिप्र सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग की स्क्रीनिंग में महेन्द्र हाब्बी के चेष्टा लोक नृत्य कला मंच को ए श्रेणी का दर्जा प्राप्त हुआ है । हाब्बी ने बताया कि भारत के लगभग 22 राज्यों मे उन्होने अपने दल के साथ कार्यक्रम प्रस्तुत किए है जिसमें मंच संचालन प्रमुखता से किया गया । भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और तमिलनाडु के राज्य पाल के समक्ष प्रस्तुति दे चुके है । बीते वर्ष दिल्ली के लाल किले में आयोजित जयति जय मम भारतम कार्यक्रम में उनके दल को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हुआ जिसमे भारत के 5500 कलाकरो ने एक साथ एक मंच पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड मे संगीत नाटक आकादमी के सौजन्य से नाम दर्ज किया । इसके आलवा महेंद्र हाब्बी लोकगीत लिखते भी है गाते भी है । इसके अतिरिक्त नृत्य निदेशक और लोक नाट्य मे भी सुप्रसिद्ध है ।









