शिमला 27 जून । विकास खंड मशोबरा की ग्राम पंचायत पीरन में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। पंचायत प्रधान निशा देवी ने नव निर्वाचित वार्ड सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले वार्ड सदस्यों में प्रेम दास शर्मा, अर्चना ठाकुर, अनुराधा देवी, सुरक्षा देवी और नारायण सिंह शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रधान निशा देवी एवं उप प्रधान अत्तर सिंह ठाकुर ने पूर्व पंचायत प्रधान किरण शर्मा, पूर्व उप प्रधान संदीप मेहता, पूर्व वार्ड सदस्य वीरेंद्र ठाकुर तथा नारायण दत्त को फूल-मालाएं और मफलर पहनाकर सम्मानित किया। वहीं महिलाओं को पारंपरिक धाठू पहनाकर सम्मानित करते हुए उनके पंचायत के विकास में दिए गए योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में विकास खंड मशोबरा के जीआरएस राजेंद्र ठाकुर ने नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, अधिकारों, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिनिधियों से पारदर्शिता, जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों सहित स्थानीय गणमान्य लोग एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे।









