सम्मान समारोह में उमड़ा शिक्षकों, परिजनों और शुभचिंतकों का स्नेह; वक्ताओं ने कहा -शिक्षक की असली पहचान उसके विद्यार्थियों की सफलता है
अर्की /सोलन, 30जून
चार दशक से अधिक समय तक शिक्षा के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने वाले वरिष्ठ शिक्षक राजेश शर्मा को उनके सेवानिवृत्ति अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। सम्मान समारोह केवल एक औपचारिक विदाई नहीं, बल्कि एक ऐसे शिक्षक के प्रति समाज की कृतज्ञता का उत्सव बन गया, जिसने अपने पूरे सेवाकाल में शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम माना। समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, वर्तमान एवं सेवानिवृत्त शिक्षक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, परिजन और शुभचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक राजेश शर्मा को शॉल, टोपी, स्मृति-चिह्न और सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए वर्षों को याद करते हुए कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और कार्यशैली हमेशा उन्हें प्रेरणा देती रहेगी।
सम्मान समारोह के मुख्य आकर्षण राजेश शर्मा अपनी धर्मपत्नी गीता शर्मा, पिता हरि लाल शर्मा, भाई अनिल गौतम तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित थे।
जेबीटी शिक्षक दीनानाथ शर्मा ने राजेश शर्मा की शिक्षकीय यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि उनमें अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक सोच का भी विकास किया। उन्होंने कहा कि राजेश शर्मा का सरल व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण उन्हें एक आदर्श शिक्षक के रूप में स्थापित करता है।

अपने संबोधन में राजेश शर्मा ने कहा कि शिक्षक का दायित्व सेवा-निवृत्ति के साथ समाप्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का स्नेह और समाज का विश्वास ही उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपने सहकर्मियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज और शिक्षा के क्षेत्र में आगे भी सक्रिय रहने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह के उपरांत अर्की के विधायक संजय अवस्थी भी राजेश शर्मा के आवास पहुंचे और उन्हें सम्मानित करते हुए सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके साथ धुंदन पंचायत की पूर्व प्रधान शकुंतला देवी भी मौजूद रहीं। विधायक अवस्थी ने कहा कि “राजेश शर्मा जैसे शिक्षक किसी एक विद्यालय की नहीं, बल्कि पूरे समाज की धरोहर होते हैं। उन्होंने अपने ज्ञान, अनुशासन और मूल्यों से अनेक पीढ़ियों का भविष्य संवारा है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान आने वाले वर्षों तक प्रेरणा देता रहेगा। सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति संभव है, लेकिन समाज निर्माण का उनका दायित्व और अनुभव कभी समाप्त नहीं होता। हमें ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाई है।”
समारोह का समापन सम्मान, शुभकामनाओं और भावुक विदाई के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने राजेश शर्मा के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उनके शिक्षा जगत में दिए गए योगदान को अविस्मरणीय बताया।
इस सामान समारोह में सीएचटी दाड़लाघाट राजेश कपिला, पूर्व सीएचटी एवं खंड अध्यक्ष श्रीनिवास, सेवानिवृत्त शिक्षक चेतराम वर्मा, एचटी पूर्णिमा शर्मा, जीपीएस चंदपुर की खंड ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रेम कुमारी, एचटी बसंतपुर किरण बाला, एचटी जीपीएस कोटला कुंता शर्मा, एचटी जमाकड़ी सहित अनेक शिक्षकों एवं गणमान्य उपस्थित थे।










