6 पर्यवेक्षक और 32 प्रगणक ले रहे प्रशिक्षण, 1 सितंबर से 5 अक्तूबर तक चलेगा जनगणना कार्य
शिमला, 25 अगस्त। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुन्गा में मंगलवार को जनगणना के द्वितीय चरण के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार जुन्गा कार्तिकेय शर्मा ने किया। कार्यक्रम में 6 पर्यवेक्षक और 32 प्रगणक भाग ले रहे हैं।
तहसीलदार कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि जुन्गा ब्लॉक में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कुल 78 ब्लॉक बनाए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य 1 सितंबर से शुरू होकर 5 अक्तूबर तक चलेगा।
उन्होंने जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी कर्मचारियों को बधाई दी और द्वितीय चरण के कार्य को भी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अहम है।
31 अगस्त तक मोबाइल ऐप पर स्वयं दर्ज कर सकेंगे जानकारी
कार्तिकेय शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि वे लोगों को जनगणना प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ मोबाइल पर जनगणना ऐप डाउनलोड कर 31 अगस्त तक स्वयं अपना डाटा अपलोड करने के लिए भी प्रेरित करें।
कार्यालय कानूनगो अरविंद कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दो मास्टर ट्रेनर रामानंद और मोहित भारद्वाज पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को जनगणना कार्य से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।











