शिमला 26 सितंबर। जुन्गा तहसील के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुब्लू में शनिवार को ‘बैग फ्री डे’ और हिंदी पखवाड़े के तहत विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि एवं सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर विद्यालय परिसर की सफाई की तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद हिंदी पखवाड़े के तहत अंतर-सदनीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें भाषण, कविता पाठ, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, नारा लेखन, सुलेख तथा पाठ लेखन प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर हिंदी प्रवक्ता संदीप ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा की उपयोगिता, समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा वर्तमान समय में हिंदी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति गौरव की भावना विकसित करने तथा दैनिक जीवन और अध्ययन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
‘बैग फ्री डे’ के तहत विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से हटकर गतिविधि आधारित एवं व्यावहारिक सीखने के अवसर प्रदान किए गए। विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में प्रवक्ता राजनीति विज्ञान वीरेंद्र सिंह, प्रवक्ता अंग्रेजी विनीता नरवाल, टीजीटी विजय रानी, टीजीटी अनिश चन्देल, डीएम लेखराज और वोकेशनल अध्यापक अजय कंवर सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ मौजूद रहा। शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों के सफल आयोजन में सहयोग दिया।
डुब्लू स्कूल में हिंदी पखवाड़ा और ‘बैग फ्री डे’ धूमधाम से मनाया

