शिमला 08 जुलाई । जुन्गा तहसील की ग्राम पंचायत पीरन में कोरम पूरा न होने पर ग्राम सभा की बैठक नहीं हो सकी । जिसके चलते सरकार द्वारा प्रेषित किए गए विभिन्न मुददों पर ग्राम सभा में चर्चा नहीं हो सकी । जिसकी पुष्टि पंचायत सचिव राजीव ठाकुर ने की है । उन्होने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार कोरम में न्यूनतम संख्या पंचायत की कुल मतदाता संख्या का 10वां भाग होना अनिवार्य है । उन्होने कहा कि अगली ग्राम सभा सरकार द्वारा निर्धारित तिथि को आयोजित की जाएगी जिसमें कुल मतदाता संख्या का 20वां भाग होना अनिवार्य होना चाहिए । पंचायत के कुछ बुद्धिजीवी वर्ग का कहना है कि अधिकांश लोग टमाटर इत्यादि फसलों के कार्य में व्यस्त हैं जिसके चलते कोरम पूरा नहीं हो सका । कुछ लोगों ने पंचायत प्रशासन से मांग की है कि ग्राम सभा की बैठक बारे व्यापक प्रचार और प्रसार किया जाना चाहिए ताकि हर परिवार का सदस्य इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग ले सके । कुछ लोगों ने बताया कि सोशल मिडिया पर प्रेषित की गई सूचनाएं कुछ लोग ही देखते हैं जिसके लिए दूरभाष इत्यादि पर व्यक्तिगत तौर पर सूचना दी जानी चाहिए । गौर रहे कि सूचना के अभाव में ग्राम सभा की बैठक में अनेक परिवार भाग लेने से वंचित रह जाते हैं जिस वजह से कोरम पूरा नहीं होता और पंचायत के विकास कार्यों पर चर्चा नहीं हो पाती है ।










