शिमला/जुब्बल: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने अपने डिजिटल आधुनिकीकरण और विस्तार अभियान के तहत जुब्बल और सरस्वती नगर में नवनिर्मित अत्याधुनिक बैंक शाखा परिसरों का उद्घाटन किया। इन शाखाओं का लोकार्पण बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम ने निदेशक संजय शर्मा और एच. के. हिमराल की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष देविन्द्र श्याम ने कहा कि बैंक प्रदेश की आर्थिक प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नई शाखाओं को नवीनतम तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों—विशेषकर किसानों, बागवानों और व्यापारियों—को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि बैंक का लक्ष्य केवल पारंपरिक बैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देकर समावेशी विकास सुनिश्चित करना भी है। इस दिशा में बैंक विभिन्न ऋण योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है।
अध्यक्ष ने किसानों और बागवानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ‘मिनी पिक-अप/मिनी ट्रक ऋण योजना’ से किसान अपनी उपज को मंडियों तक स्वयं पहुंचाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। वहीं ‘हाई डेंसिटी प्लांटेशन ऋण योजना’ के जरिए आधुनिक बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें कम ब्याज दरों पर आकर्षक वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बैंक की ‘सशक्त महिला ऋण योजना’ और बच्चों के लिए ‘सपनों का संचय’ जैसी योजनाएं काफी लोकप्रिय हो रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से हजारों महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं और बच्चों में बचत की आदत को प्रोत्साहन मिला है।
इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, सहकारी सभाओं के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


