हिमाचल प्रदेश के शिमला नगर निगम ने साल 2022-23 का बजट जारी कर दिया है। यह बजट शनिवार देर रात DC की मंजूरी के बाद जारी किया गया।
181.19 करोड़ रुपए के इस बजट को प्रशासक की मंजूरी मिलने के बाद निगम प्रशासन ने जारी किया। इस बजट में शिमला के 30 हजार भवन मालिकों को राहत दी गई है। इस साल प्रॉपर्टी टैक्स 10% बढ़ाया जाना था, जिसे नहीं बढ़ाया गया है।
नगर निगम के इस बजट में आम जनता के लिए कोई योजना नहीं है। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों के लिए भी बजट में कुछ विशेष नहीं है। इस साल के बजट में आय बढ़ाने पर ज्यादा फोकस किया गया है। यह बजट वर्ष 2022-23 के लिए पेश किए गए बजट से 43 करोड़ रुपए कम है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में 224 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया। शिमला के लिए ‘नो प्रोफिट नो लॉस’ का बजट पेश किया है।
इस बार सदन में पेश नहीं हुआ बजट
नगर निगम शिमला बजट हर साल नगर निगम के सदन में पेश किया जाता है। नगर निगम के मेयर द्वारा सदन में बजट पढ़ा जाता है, लेकिन इतिहास में पहली बार ऐसा कुछ नहीं हुआ। नगर निगम के अधिकारियों ने बजट तैयार करके स्वीकृति के लिए DC शिमला आदित्य नेगी को भेजा। DCभ् की स्वीकृति के बाद बजट ऐसे ही जारी कर दिया।
नगर निगम ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 18113.82 लाख रुपए का बजट पेश किया है। निगम ने अपना व्यय 17478.61 लाख रुपए दिखाया है, यानि व्यय से अधिक आय को बजट में दिखाया गया है। प्रशासन ने 7 करोड़ रुपए का सरप्लस बजट पेश किया। बीते साल 224.41 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था, इसमें 15.99 लाख सरप्लस बजट दिखाया गया था।