ग्रामीणों ने की जियो नेटवर्क सुदृढ़ करने की मांग
शिमला, 08 अगस्त। जुन्गा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बलोग, भड़ेच, जनेड़घाट, कोटी, शिलोनबाग, पीरन, सतलाई तथा आसपास के अनेक गांवों में जियो मोबाइल नेटवर्क की लगातार खराब सेवा से उपभोक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जियो कंपनी अपने ग्राहकों से विभिन्न योजनाओं और रिचार्ज के माध्यम से अग्रिम शुल्क तो वसूल रही है, लेकिन क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है।
जुन्गा क्षेत्र के नीरज शर्मा, राकेश ठाकुर, हेतराम, रमेश कुमार, सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से नेटवर्क की समस्या लगातार बनी हुई है। कभी सिग्नल पूरी तरह गायब हो जाते हैं तो कभी इंटरनेट की गति इतनी धीमी रहती है कि ऑनलाइन कार्य करना मुश्किल हो जाता है। खराब नेटवर्क के कारण विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, सरकारी एवं बैंकिंग कार्य, डिजिटल भुगतान तथा अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
इनका कहना है कि अनेकों बार कंपनी के ग्राहक सेवा केंद्रों और हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज करवाई हैं, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल नेटवर्क एक मूलभूत आवश्यकता बन चुका है। ऐसे में बार-बार नेटवर्क बाधित होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने जियो कंपनी से मांग की है कि जुन्गा क्षेत्र की पंचायतों में नेटवर्क व्यवस्था को शीघ्र सुदृढ़ किया जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मोबाइल टावर और तकनीकी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से दूरसंचार विभाग और संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत उठाने को मजबूर होंगे।
गौरतलब है कि मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को लेकर समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों से शिकायतें सामने आती रही हैं और उपभोक्ता बेहतर कनेक्टिविटी की मांग करते रहे हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि संबंधित कंपनी उनकी समस्या का शीघ्र समाधान कर उन्हें बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराएगी।










