देव अनुष्ठान में चली गोली, महिला की दर्दनाक मौत
शिमला, 27 अप्रैल 2026: जिला शिमला के चिड़गांव थाना क्षेत्र के कुलगांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जश्न में चलाई गई गोली एक महिला की जान ले गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गांव कुलगांव में नव-निर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भीड़ और नृत्य के बीच आरोपियों ने कथित रूप से सेलिब्रेशन में फायरिंग की। इसी दौरान चली गोली से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मृतका की पहचान रितिका (निवासी आंध्रा, तहसील चिड़गांव) के रूप में हुई है।
मामले में थाना चिड़गांव में अभियोग संख्या 36/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) और धारा 25 इंडियन आर्म्स एक्ट, 1959 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रजत सोहटा (28), निवासी अपर बाजार रोहड़ू, और अमित उर्फ रोहित भापटा (32), निवासी मंधारली, करासा, रोहड़ू को हिरासत में ले लिया है। वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।




