तहसीलदार कार्तिकेय शर्मा ने फहराया तिरंगा
शिमला, 16 अगस्त। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार जुन्गा कार्तिकेय शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तदोपरांत उन्होंने पुलिस, होमगार्ड तथा स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए तहसीलदार कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि देश के वीर सपूतों की कुर्बानियों की बदौलत आज हम खुले वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति देकर 15 अगस्त, 1947 को देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त करवाया था।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है और यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं से देश की प्रगति एवं विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान हमीरपुर के बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा दिए गए संदेश का स्कूल प्रशासन ने एलसीडी के माध्यम से प्रसारण किया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संदेश बड़े ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य महेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय लोग, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में देशप्रेम की भावना का संचार किया और उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
जुन्गा स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Leave a comment
Leave a comment










